Jaunpur News : भादो में उमस, बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी

Hindi News
एक पखवाड़े से शाम होते ही गुल हो रही बिजली, आधी रात तक बढ़ता रहता है आपूर्ति बहाल होने का समय

बरसठी | भादो में बारिश थमने के बाद उमस भरी गर्मी और तल्ख धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अस्पतालों में बुखार और वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऊपर से पिछले करीब एक पखवाड़े से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई है। दिन में तो किसी तरह थोड़ी-बहुत बिजली मिल जा रही है, लेकिन शाम होते ही कटौती का सिलसिला शुरू हो जाता है।तीज-त्योहार के बीच उमस भरी गर्मी में लगातार बिजली कटौती से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बरसात के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में रात में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोग गर्मी और मच्छरों के बीच रतजगा करने को मजबूर हैं। पंखे और कूलर बंद होने से उमस और अधिक परेशान कर रही है। मंगलवार को भी शाम करीब पांच बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही। रात 1 बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। रात करीब 11 बजे बिजली आई भी तो महज पांच मिनट बाद फिर चली गई। इसके चलते लोगों को देर रात तक गर्मी और मच्छरों के बीच परेशान होना पड़ा। उपभोक्ताओं के अनुसार बरसठी विद्युत उपकेंद्र के व्हाट्सएप ग्रुप में शाम होते ही आपूर्ति बाधित होने की सूचनाएं आने लगती हैं। इसके बाद बिजली आने का समय भी लगातार आगे बढ़ता रहता है। आधे-आधे घंटे का समय बढ़ते-बढ़ते कई बार रात करीब एक से दो बजे तक पहुंच जाता है। इस दौरान मेन लाइन बंद होने या तकनीकी समस्या का हवाला दिया जाता है।लगातार कई दिनों से बनी इस स्थिति को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी है। आए दिन बिजली की समस्या और घंटों की कटौती से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार कर नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top