रायबरेली। लोकप्रिय लोक गायक प्रदीप मौर्य ने रायबरेली स्थित आवास पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे। मुलाकात में प्रदीप मौर्य ने अमेठी क्षेत्र की जनता से जुड़ी दो प्रमुख समस्याओं को दोनों सांसदों के सामने रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
अमेठी के मुकदमों की स्थानीय सुनवाई की मांग
प्रदीप मौर्य ने कहा कि अमेठी स्वतंत्र जिला बनने के बावजूद यहां के वादकारियों को मुकदमों की पैरवी के लिए सुलतानपुर और रायबरेली जाना पड़ता है। इससे लोगों का समय और धन दोनों खर्च होता है। उन्होंने मांग की कि अमेठी जिले से संबंधित मुकदमों की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायालय अमेठी में ही कराने की व्यवस्था जल्द शुरू की जाए।
तिलोई के लोगों को टोल से राहत मिले
उन्होंने तिलोई तहसीलवासियों की आवागमन संबंधी समस्या भी उठाई। बताया कि स्थानीय लोगों को अपने ही जिले और तहसील मुख्यालय आने-जाने के दौरान ऐधी और मोहनगंज स्थित दो टोल प्लाजा से गुजरना पड़ता है। इससे रोजाना आवागमन करने वाले लोगों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने स्थानीय निवासियों को दोनों टोल प्लाजा पर छूट देने अथवा वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की।
दोनों सांसदों ने समस्याएं गंभीरता से सुनीं
प्रदीप मौर्य के अनुसार राहुल गांधी और किशोरी लाल शर्मा ने दोनों जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद इन मांगों को लेकर अमेठी के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।