जौनपुर। रामपुर थाना पुलिस ने 10 वर्षीय बालक के अपहरण के मामले में प्रकाश में आए सहआरोपित विपिन यादव को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे बसुई नदी पुल के पास से पकड़ा। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे गोपालापुर निवासी अरबाज पुत्र स्व. इलियास ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर स्कूल जा रहे 10 वर्षीय बालक का अपहरण कर लिया था। आरोप है कि बालक को पकड़कर उसका मुंह ढक दिया गया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाया गया।
इस मामले में रामपुर थाने में मुकदमा संख्या 194/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान विपिन यादव पुत्र स्वामीनाथ यादव निवासी महमदपुर, थाना मड़ियाहूं को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई थानाध्यक्ष रामपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक महंगू यादव, कांस्टेबल राजा कुमार और कांस्टेबल आरिफ की टीम ने की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
