Jaunpur News : धनंजय सिंह के नेतृत्व में 31 अक्टूबर को निकलेगी जन एकता यात्रा

Hindi News

लगातार तीसरे वर्ष होगा आयोजन, युवा शक्ति और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर रहेगा जोर

जौनपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक एवं पूर्व सांसद धनंजय सिंह के नेतृत्व में जन एकता यात्रा निकाली जाएगी। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को एकजुट करना, सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रहित के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। युवाओं को जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर समाज व राष्ट्र के विकास के लिए एकजुट होना चाहिए। जागरूक और संगठित युवा ही देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों से प्रेरित होकर जन एकता यात्रा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और युवाओं में नेतृत्व व सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

धनंजय सिंह ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में निहित है। युवाओं को कमजोर, वंचित और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल करनी चाहिए। इससे लोकतंत्र मजबूत होगा और समाज के विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों से जन एकता यात्रा में शामिल होकर एकता, भाईचारे, सामाजिक न्याय और राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top