Jaunpur News : चौकियां धाम में मां चंद्रघंटा के दर्शन को उमड़े हजारों श्रद्धालु

Hindi News

चौकियां धाम, जौनपुर। पूर्वांचल के प्रमुख आस्था केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में मंगलवार को शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा के दर्शन-पूजन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने कतारबद्ध होकर माता रानी के दरबार में मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर जयकारे गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मंगलवार भोर चार बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद महंत विवेकानंद पंडा ने माता रानी का भव्य श्रृंगार किया। इसके बाद विधि-विधान से आरती और पूजन संपन्न कराया गया। हवन-पूजन और माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। नवरात्र को देखते हुए मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है।

साहस और शक्ति की प्रतीक हैं मां चंद्रघंटा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित है। इसी कारण उन्हें चंद्रघंटा कहा जाता है। उन्हें साहस, शक्ति और शांति का प्रतीक माना जाता है। नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन लाल रंग के वस्त्र धारण करना शुभ माना जाता है। भक्त माता रानी को दूध, खीर और दूध से बनी मिठाइयों का भोग लगाते हैं।

पार्किंग और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था

नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई है। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग मंदिर से करीब 300 मीटर दूर पूर्वी मुख्य मार्ग पर कराई गई है। वहीं, वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर और जौनपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पश्चिमी मुख्य मार्ग पर बड़ागर चौराहे के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

थानाध्यक्ष लाइन बाजार केके सिंह और शीतला चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में मौजूद रहे। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सुचारु दर्शन-पूजन के लिए निगरानी करते रहे।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top