राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता आयोजित
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) संस्थान स्थित आर्यभट्ट सभागार में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना, विश्वविद्यालय परिसर के तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “विकसित भारत @2047 : एकता, अखंडता एवं राष्ट्र निर्माण” था।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग मिश्र द्वारा विषय प्रवर्तन के साथ हुआ। उन्होंने अपने वक्तव्य में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन विकसित भारत के निर्माण के प्रमुख आधार हैं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों एवं तर्कों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता तथा युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार अभिनव कीर्ति पाण्डेय ने प्रथम, प्रिया मौर्य ने द्वितीय तथा जाह्नवी सिंह और मंगेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग मिश्र, डॉ. परमेंद्र विक्रम सिंह, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. श्वेता पांडेय एवं डॉ. सुरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने भाषण प्रस्तुत करेंगे। यह आयोजन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

