भोर चार बजे खुले मंदिर के कपाट, माता रानी के जयकारों से गूंजा धाम; सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी के जवान रहे तैनात
बिपिन सैनी
चौकियां धाम, जौनपुर। पूर्वांचल के प्रसिद्ध आस्था केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने माता रानी के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में माता रानी के जयकारे गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सोमवार की भोर करीब चार बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने माता रानी का विधि-विधान से भव्य श्रृंगार किया और आरती-पूजन संपन्न कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता के दर्शन किए। मंदिर परिसर में हवन-पूजन और जयकारों के बीच भक्तों की आस्था देखते ही बन रही थी। नवरात्र को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से मंदिर की भव्यता और बढ़ गई है।
तप, संयम और साधना की प्रतीक हैं मां ब्रह्मचारिणी
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की जाती है। मां ब्रह्मचारिणी को तपस्या, संयम, ज्ञान और वैराग्य की देवी माना जाता है। मान्यता है कि भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए माता ने कठोर तपस्या की थी। उनकी उपासना से भक्तों को धैर्य, आत्मबल और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की प्रेरणा मिलती है।
नवरात्र के इस पावन अवसर पर मां ब्रह्मचारिणी को सफेद रंग विशेष प्रिय माना जाता है। सफेद रंग शांति, सादगी और पवित्रता का प्रतीक है। धार्मिक परंपरा के अनुसार, माता को मिश्री, पंचामृत और मखाने की खीर सहित विभिन्न प्रसाद अर्पित किए जाते हैं। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा करके माता रानी से सुख-शांति और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करते हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी मुस्तैद
नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और व्यवस्था सुचारु बनी रहे। मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से दर्शन कराने के लिए पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे।
थानाध्यक्ष लाइन बाजार केके सिंह और शीतला चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
अलग-अलग मार्गों पर की गई वाहन पार्किंग की व्यवस्था
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। आजमगढ़ मार्ग की ओर से आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों की पार्किंग मंदिर से लगभग 300 मीटर दूर पूर्वी मुख्य मार्ग पर निर्धारित की गई है। वहीं, वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर और जौनपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पश्चिमी मुख्य मार्ग पर बड़ागर चौराहे के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से की गई व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालु कतारबद्ध होकर माता रानी के दर्शन-पूजन करते नजर आए। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मां शीतला चौकियां धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र में माता रानी के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को प्रदर्शित किया।
