भव्य श्रृंगार और आरती के बाद भक्तों ने माता रानी के दरबार में टेका मत्था, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
चौकियां धाम, जौनपुर। पूर्वांचल की आस्था के प्रमुख केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को हजारों श्रद्धालुओं ने मां शीतला के कूष्मांडा स्वरूप का दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। माता रानी के जयकारों और हवन-पूजन से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।
बुधवार भोर में चार बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद पुजारी जयनारायण पंडा ने मां शीतला का भव्य श्रृंगार किया और विधि-विधान से आरती-पूजन संपन्न कराया। इसके बाद दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। भक्त कतारबद्ध होकर माता रानी के दरबार में पहुंचे और मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जिससे धाम की भव्यता देखते ही बन रही है।
माता रानी के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर स्थित सत्यनारायण मंदिर, काल भैरवनाथ मंदिर, काली मंदिर और हनुमान मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।
मां कूष्मांडा की पूजा का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शारदीय नवरात्र के चौथे दिन मां दुर्गा के कूष्मांडा स्वरूप की पूजा की जाती है। मां कूष्मांडा को अष्टभुजा देवी भी कहा जाता है। उनकी आठ भुजाओं में कमंडल, धनुष, बाण, कमल पुष्प, अमृत कलश, चक्र, गदा और जपमाला सुशोभित हैं। मान्यता है कि जब चारों ओर अंधकार व्याप्त था, तब मां ने अपनी मंद मुस्कान से ब्रह्मांड की रचना की थी। इसी कारण उन्हें सृष्टि की आदिशक्ति माना जाता है। भक्तों का विश्वास है कि मां कूष्मांडा की आराधना से आयु, यश, बल और स्वास्थ्य में वृद्धि होती है तथा जीवन के संकट दूर होते हैं।
सुरक्षा और पार्किंग के रहे इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर सहित मेला क्षेत्र में पुलिस तथा पीएसी के जवान तैनात रहे। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों की पार्किंग मंदिर से करीब 300 मीटर दूर पूर्वी मुख्य मार्ग पर निर्धारित की गई। वहीं वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर और जौनपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बड़ागर चौराहे के पास पश्चिमी मुख्य मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई।
इस दौरान लाइन बाजार थानाध्यक्ष केके सिंह और शीतला चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में मौजूद रहकर सुरक्षा एवं व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

