Jaunpur News : रक्तदान,मानवता की पहचान : डॉ. कमर अब्बास

Hindi News

रक्तदान कर प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने पेश की मिसाल

जौनपुर। मानवता की सेवा और जीवन रक्षा के संकल्प के साथ मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के सौदागर हॉल में मंगलवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कमर अब्बास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर का शुभारंभ प्राचार्य ने स्वयं रक्तदान करके किया और विद्यार्थियों के सामने सेवा एवं समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल पेश की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि हमारे रक्त की कुछ बूंदें किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। मुख्य अतिथि डॉ. कमर अब्बास ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को जीवन का उपहार देने का मानवीय संकल्प है। युवाओं को रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए तथा स्वस्थ होने पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अर्पित प्रताप सिंह ने कहा कि समय पर रक्त की उपलब्धता अनेक मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होती है और स्वैच्छिक रक्तदान इस आवश्यकता को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर में छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि बेटियां भी साहस, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम का संचालन अहमद अब्बास खान ने किया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय से इरशाद अहमद, शालिनी मौर्य, विनोद प्रधान, आर.पी. सिंह, डॉ. जीवन यादव, डॉ. प्रज्ज्वलित यादव, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. संतोष यादव, प्रवीण यादव, अंकित यादव एवं अदिति मिश्रा सहित चिकित्सकीय टीम तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिविर ने समाज को यह प्रेरक संदेश दिया कि रक्तदान केवल एक नेक कार्य नहीं, बल्कि किसी परिवार की खुशियां बचाने और किसी जीवन को नई शुरुआत देने का माध्यम है।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top