Jaunpur News : ताहिरपुर प्राथमिक विद्यालय में महिषासुर मर्दन और रावण वध की झांकी ने मोहा मन

Hindi News

सिकरारा, जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में शनिवार को देवी पूजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने महिषासुर मर्दन और रावण वध की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। धार्मिक प्रसंगों पर आधारित इन प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावक भावविभोर हो गए। पूरा विद्यालय परिसर जय माता दी और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक अमित सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद शिक्षकों और अभिभावकों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का पूजन-अर्चन किया।

सरस्वती वंदना के बाद छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का रूप धारण कर मंच पर प्रस्तुति दी। इसके बाद महिषासुर और सिंह का रूप धारण किए छात्रों ने मंचन किया। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों द्वारा महिषासुर मर्दन का दृश्य देखकर उपस्थित लोगों ने जयकारे लगाए।

इसके बाद भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और रावण के पात्रों ने युद्ध का मंचन किया। रावण वध के दृश्य पर लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए पुष्प वर्षा की। विद्यार्थियों ने अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में कविता सिंह, अर्चना सिंह, संयुक्ता सिंह, गजाला बानो, मंजू जैसवार, नेहा जायसवाल, आराधना उपाध्याय, माधुरी सिंह, श्यामधर यादव, मनोज कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष विवेक मिश्रा सहित समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top