Jaunpur News : कजगांव में मानकों को ताक पर रखकर कराया जा रहा सीसी रोड निर्माण, फोटो-वीडियो वायरल

Hindi News


जौनपुर। नगर पंचायत कजगांव के वार्ड संख्या तीन माधोपट्टी में सीसी रोड निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लोगों ने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए हैं। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। स्थिति यह है कि सीसी रोड का निर्माण पूरा होने से पहले ही उसके किनारे लगाए गए ईंट उखड़ने लगे हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, वार्ड में सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान ही सड़क के दोनों ओर लगाए गए ईंट अपनी जगह से निकलकर इधर-उधर होने लगे। इसे देखकर वार्डवासियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार मनमाने तरीके से निर्माण कार्य करा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और अन्य जिम्मेदार अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि विकास कार्यों में सरकारी धन खर्च होने के बावजूद यदि निर्माण की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जाएगा तो इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल सकेगा।

मामले के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पंचायत कजगांव में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top