मड़ियाहूं: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को मड़ियाहूं तहसील के लेखपालों ने अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर विरोध किया।
थाना समाधान दिवस के दौरान लेखपालों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। लेखपालों ने अपनी मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने पर असंतोष व्यक्त किया।
लेखपाल संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर लेखपाल अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मांगों की अनदेखी के चलते लेखपालों ने आय, जाति, निवास और ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र सहित विभिन्न ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया है। इसी क्रम में शनिवार को थाना समाधान दिवस के दौरान काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया गया।
उन्होंने कहा कि लेखपाल लगातार अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। इससे लेखपालों में नाराजगी है। संघ के आह्वान पर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध जारी रखा जाएगा। लेखपालों ने सरकार से नौ सूत्री मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका जल्द निस्तारण करने की मांग की।
