चौकियां धाम, जौनपुर। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन बृहस्पतिवार को पूर्वांचल की आस्था के प्रमुख केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने मां शीतला के स्कंदमाता स्वरूप का दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की कतारें लगी रहीं। माता रानी के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।
नवरात्र के पांचवें दिन भोर में चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया। मंदिर के पुजारी मुक्तेश्वर पंडा ने मां शीतला का भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से आरती-पूजन किया। हवन और पूजन के बीच श्रद्धालु कतारबद्ध होकर माता रानी के दरबार में पहुंचे और मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जिससे धाम की छटा देखते ही बन रही है।
मान्यता के अनुसार, मां स्कंदमाता नवदुर्गा का पांचवां स्वरूप हैं। भगवान कार्तिकेय को स्कंद भी कहा जाता है। उनकी माता होने के कारण देवी का नाम स्कंदमाता पड़ा। मां की गोद में भगवान कार्तिकेय बाल स्वरूप में विराजमान रहते हैं। श्रद्धालुओं के बीच मान्यता है कि मां स्कंदमाता की आराधना से संतान सुख की कामना पूरी होती है और जीवन की कठिनाइयों का सामना करने का साहस मिलता है। इस दिन माता रानी को केसर की खीर, पीले रंग की मिठाई और मौसमी फल अर्पित करना शुभ माना जाता है।
मां शीतला के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने परिसर स्थित सत्यनारायण मंदिर, काल भैरवनाथ मंदिर, काली मंदिर और हनुमान मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। नवरात्र के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में पुलिस तथा पीएसी के जवान तैनात रहे।
दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग मंदिर से करीब 300 मीटर दूर पूर्वी मुख्य मार्ग पर कराई गई, जबकि वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर और जौनपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पश्चिमी मुख्य मार्ग पर बड़ागर चौराहे के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। थानाध्यक्ष लाइन बाजार केके सिंह और शीतला चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं व्यवस्था संभालते नजर आए।
