Patna News : चेतन भगत ने किया डॉ. रजनीश कांत की पुस्तक का लोकार्पण

Hindi News


पटना। प्रसिद्ध लेखक चेतन भगत ने मुंबई के ताज होटल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डॉ. रजनीश कांत की पुस्तक ‘कायरोप्रैक्टर एंड फिजियोथेरेपिस्ट’ का लोकार्पण किया। टीएस पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में काइरोप्रैक्टिक पद्धति, रीढ़ की हड्डी के स्वास्थ्य और दर्द से जुड़ी समस्याओं की देखभाल के बारे में जानकारी दी गई है। लेखक का उद्देश्य आम लोगों को दर्द प्रबंधन और शरीर के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रजनीश कांत ने काइरोप्रैक्टिक तकनीक का लाइव प्रदर्शन भी किया। इस दौरान उन्होंने चेतन भगत की कलाई पर तकनीक का प्रयोग किया। आयोजकों के अनुसार, इसके बाद चेतन भगत ने आराम महसूस होने की बात कही। कार्यक्रम में किन्नर जगतगुरु महामंडलेश्वर हिमांगी सखी भी मौजूद रहीं। वहीं, प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट प्रोफेसर डॉ. अली इरानी का आशीर्वाद भी डॉ. रजनीश कांत को मिला।

पुस्तक के लोकार्पण को अपने लिए खास अवसर बताते हुए डॉ. रजनीश कांत ने कहा कि वह बचपन से चेतन भगत के उपन्यास पढ़ते रहे हैं और उनकी कहानियों पर आधारित फिल्में भी देखते आए हैं। ऐसे में उनके साथ मंच साझा करना और उनके हाथों अपनी पुस्तक का लोकार्पण होना उनके लिए यादगार अनुभव है। उन्होंने फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ के चर्चित संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति को वही काम करना चाहिए, जिसमें उसकी रुचि हो। उन्होंने कहा कि वह अपने पसंदीदा क्षेत्र में काम करते हुए भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं।

डॉ. रजनीश कांत के मुताबिक, पुस्तक के पहले संस्करण में काइरोप्रैक्टिक पद्धति की बुनियादी जानकारी देने का प्रयास किया गया है। इसमें बताया गया है कि यह पद्धति क्या है, इसका विकास कैसे हुआ और किन परिस्थितियों में इसका उपयोग किया जाता है। उन्होंने इस पद्धति को भारतीय परंपरा से जोड़ते हुए द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कुब्जा को सीधा करने की कथा का भी उल्लेख किया। वहीं, आधुनिक काइरोप्रैक्टिक के इतिहास में डैनियल डेविड पामर का महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है। उन्होंने 1895 में अमेरिका में काइरोप्रैक्टिक एडजस्टमेंट किया था और वर्ष 1907 में पामर स्कूल ऑफ काइरोप्रैक्टिक की स्थापना की थी।

पुस्तक में कुल 10 अध्याय हैं। इनमें काइरोप्रैक्टिक देखभाल की बुनियादी जानकारी, चिकित्सकीय अवलोकन, खिलाड़ियों और सक्रिय जीवनशैली अपनाने वाले लोगों की देखभाल, बुजुर्गों के लिए काइरोप्रैक्टिक, रीढ़ की हड्डी के स्वास्थ्य का विज्ञान और इस पद्धति से जुड़ी गलत धारणाओं जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा मरीजों को जागरूक करने, स्वयं की देखभाल, आरकेएम पद्धति, काइरोप्रैक्टिक क्लिनिक के संचालन और बेहतर उपचार के लिए अन्य विशेषज्ञों के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा की गई है।

डॉ. रजनीश कांत का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल दर्द से राहत दिलाना नहीं, बल्कि लोगों को दर्द और उससे जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तक के माध्यम से पाठकों को काइरोप्रैक्टिक पद्धति की बुनियादी समझ मिलेगी। उन्होंने बताया कि आगामी संस्करण में अपनी व्यक्तिगत तकनीक के बारे में भी विस्तार से जानकारी देने की योजना है।




Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top