Jaunpur News : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद की केराकत तहसील में “जीवन दर्शन भाग - 2 : संस्कार, साधना और समाज” पुस्तक का भव्य लोकार्पण सम्पन्न

Hindi News
केराकत, जौनपुर। केराकत शहर के तीर्थराज मैरेज हाल में मेरे द्वारा स्वलिखित पुस्तक “जीवन दर्शन भाग - 2 : संस्कार, साधना और समाज” का भव्य लोकार्पण बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह मेरे लिए केवल एक पुस्तक के विमोचन का क्षण नहीं था, यह मेरे जीवन के अनुभव, साधना, संस्कार और समाज के प्रति मेरे चिंतन के समर्पण का क्षण था। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. हरिप्रसाद अधिकारी गुरुजी, भागवताचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अजयेन्द्र दुबे, व्यवस्थापक - कुटीर संस्थान, कुटीर चक्के, जौनपुर ने की। मंच पर प्रो. देवेन्द्र मिश्र, भौतिक विज्ञान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, काशी, डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय, सेवानिवृत्त - कुटीर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चक्के, कृष्णानन्द पाण्डेय, प्रमुख संस्थापक - धरोहर संरक्षण सेवा संगठन, वाराणसी, राजेश मिश्र, शिवम् विद्यालय, पाण्डेयपुर, वाराणसी, पवन तनय मिश्रा, मानवाधिकार सहित अनेक विद्वानों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का कुशल सूत्र संचालन गौरव मिश्र ने किया, जबकि प्रस्ताविकी वागीश पाण्डेय ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर हृदय नारायण पाण्डेय, श्री रामकुमार मिश्रा, ओंकार तिवारी, भागवताचार्य सहित लगभग ढाई सौ (250) गणमान्य नागरिक, साहित्य प्रेमी, शिक्षक, उद्योगपति, लेखक, कवि, विद्यार्थी एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह में धर्म, साहित्य, आपसी प्रेम, सौहार्द, अपनत्व, योग, मोक्ष, चारों वेद, उपनिषद, महाकाव्य, रामचरितमानस तथा भागवत पर बहुत ही सुन्दर प्रस्तुति हुई। विद्वानों ने इन विषयों पर अपने विचार रखकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में “शिक्षा, संस्कार और सत्य” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित इस पुस्तक की उपस्थित जनसमूह द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह पुस्तक जीवन के विभिन्न आयामों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है। पुस्तक में शिक्षा, संस्कार, सत्य, आध्यात्मिकता, धर्म, जीवन मूल्य, सफलता के सूत्र, पारिवारिक जीवन, प्रकृति, आत्मबोध, संस्कारों का महत्व, सामाजिक दायित्व एवं नैतिकता जैसे विषयों पर गहन विचार प्रस्तुत किए गए हैं। मैंने अपने अनुभव एवं चिंतन के आधार पर जीवन को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए उपयोगी मार्गदर्शन देने का प्रयास किया है। पुस्तक में शिक्षक एवं विद्यार्थी के संबंध, जीवन में अनुशासन, सत्य के महत्व, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं तथा मानव जीवन के उद्देश्य पर विशेष प्रकाश डाला गया है। इसके साथ ही प्रेम, धैर्य, आत्मविश्वास, नारी शक्ति, भारतीय संस्कृति, त्योहारों का महत्व तथा आध्यात्मिक उन्नति जैसे विषयों को भी विस्तार से समझाया गया है। समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं साहित्य प्रेमियों ने इस पुस्तक की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को न केवल प्रेरित करती है बल्कि उनके जीवन और विचारों को एक नई दिशा देने का कार्य करती है। कार्यक्रम का वातावरण पूर्णतः साहित्यिक, प्रेरणादायक एवं भावनात्मक रहा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को सफल एवं यादगार बना दिया। समारोह के अंत में आए हुए सभी अतिथियों का आभार डॉ. नूतन आलोक पाण्डेय, संस्थापक - महिला व अपंग बाल विकास संस्था एवं अध्यक्षा - आदर्श महिला शिक्षण मण्डल द्वारा व्यक्त किया गया। सभी अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन हृदय नारायण पाण्डेय, ममता पाण्डेय, सत्यम् मिश्रा, डॉ. प्रथमेश पाण्डेय एवं वागीश पाण्डेय द्वारा किया गया। मैं सभी अतिथियों, विद्वानों, साहित्य प्रेमियों और उपस्थित जनसमूह का हृदय से आभारी हूँ, जिनके स्नेह, आशीर्वाद और अपनत्व से यह लोकार्पण समारोह एक अविस्मरणीय पर्व बन गया।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top