Jaunpur News : दीपावली सुख-शांति और सद्भाव का पर्व : कुलपति

Hindi News
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय परिवार को दी शुभकामनाएं, 

एकजुटता और सहयोग से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का किया आह्वान

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने दीपावली के पावन अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को हार्दिक शुभकामनाएं दीं है। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश, उल्लास और समृद्धि का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और सकारात्मकता के साथ नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार करने का अवसर भी है। यह पर्व हमें आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग की संस्कृति को मजबूत करने तथा एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

कुलपति ने अपने संदेश में कहा कि विश्वविद्यालय की प्रत्येक उपलब्धि में सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों और विद्यार्थियों के ज्ञान, परिश्रम और समर्पण का योगदान है। शिक्षा एवं शोध से लेकर प्रशासन, तकनीकी सेवाओं और परिसर की देखरेख तक, सभी की भूमिका विश्वविद्यालय की पहचान और प्रतिष्ठा को मजबूत बनाती है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से एकजुट होकर संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि एक-दूसरे की बात सुनते हुए, कठिनाइयों में साथ देते हुए और मिलकर समाधान तलाशते हुए संस्थान को नई दिशा दी जा सकती है। प्रत्येक कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण है और सभी के सामूहिक प्रयासों से ही विश्वविद्यालय परिवार मजबूत बनता है।

कुलपति ने आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण विकसित करना आवश्यक है, जो शिक्षण, शोध, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करे। इसके लिए तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय संवेदनशीलता, नैतिकता और जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता देनी होगी। एआई के विवेकपूर्ण उपयोग से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं की प्रभावी पूर्ति की जा सकती है।

उन्होंने विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, समयबद्धता, पारदर्शिता और निरंतर सुधार के प्रति सजग रहना होगा। साथ ही शोध, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। समुदाय सेवा, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़े प्रयासों के माध्यम से विश्वविद्यालय के ज्ञान एवं संसाधनों का लाभ समाज तक पहुंचाना भी महत्वपूर्ण है।

कुलपति प्रो. सिंह ने विश्वास जताया कि सभी के अनुभव, सुझाव और सहभागिता से विश्वविद्यालय नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से अपने कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने और संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top