Jaunpur News : ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति नहीं होने से पेंशनर्स परेशान, इलाज प्रभावित

Hindi News

सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में ऑफलाइन बिल स्वीकार करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी




जौनपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा की मासिक बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स कार्यालय में जिलाध्यक्ष सीबी सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेंशनर्स के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का ऑनलाइन भुगतान नहीं हो पाने पर चिंता जताई गई।

अध्यक्ष सीबी सिंह ने बताया कि 29 नवंबर को संगठन का प्रांतीय अधिवेशन लखनऊ में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया में तकनीकी और प्रक्रियागत कमियों के कारण सहज जनसेवा केंद्रों और साइबर कैफे से चिकित्सा बिलों की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इससे बुजुर्ग पेंशनर्स का इलाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन व्यवस्था दुरुस्त होने तक चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल संबंधित कार्यालयों में ऑफलाइन स्वीकार किए जाएं। साथ ही लंबित मांगों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

बैठक में वक्ताओं ने सरकार की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान नंदलाल सरोज, राजेश कुमार श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, कंचन सिंह, ओंकार नाथ मिश्र, अशोक कुमार मौर्य, नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, रमेश, राजपति विश्वकर्मा, रामप्रताप यादव, शम्भूनाथ, महेंद्र पाठक, डॉ. भारत यादव, ओमप्रकाश सिंह और दशरथ राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वरिष्ठ पेंशनर्स स्व. महाबल यादव के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। संचालन रामअवधलाल श्रीवास्तव ने किया।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top