Jaunpur News : शाहबुद्दीनपुर रामलीला में उमड़ा जनसैलाब, श्रीकृष्ण पाण्डेय ने दिया सत्य व न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश

Hindi News

खुटहन, जौनपुर। आदर्श रामलीला धर्म मंडल, शाहबुद्दीनपुर-उसरौली के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक रामलीला महोत्सव में प्रभु श्रीराम की लीला का मंचन देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाण्डेय 'बड़कऊ' ने व्यास पीठ का पूजन-अर्चन कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण पाण्डेय बड़कऊ ने कहा कि आदर्श रामलीला धर्म मंडल केवल रामलीला के मंचन तक सीमित नहीं है बल्कि यह क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को पीढ़ियों से आगे बढ़ाने वाला एक गुरुकुल सरीखा घराना है। गुरु परंपरा से सुशोभित यह गांव पीढ़ियों से आसपास के क्षेत्र में धर्म और संस्कृति की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने रामलीला में अभिनय करने वाले स्थानीय कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि मंच पर अभिनय करने वाले कलाकार कोई बाहर के नहीं बल्कि इसी क्षेत्र के परिवारों के बच्चे और अपने लोग हैं, जो अपनी कला से रामलीला के मंचन को जीवंत बना रहे हैं। उन्होंने वादन कलाकारों के कौशल और योगदान की भी सराहना की।

श्री पाण्डेय ने कहा कि रामचरितमानस हमें सत्य की असत्य पर विजय तथा धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रामलीला का मंचन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार और जीवन-मूल्यों का संदेश देने का माध्यम है। जीवन में आने वाली कठिनाइयां और संघर्ष मनुष्य के व्यक्तित्व को निखारते हैं। ऐसे समय में भी सत्य, धर्म और न्याय का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए।

उन्होंने प्रभु श्रीराम के वनवास प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन्हें राजगद्दी मिलने वाली थी, उन्होंने अचानक मिले वनवास को भी सहजता से स्वीकार किया। विपरीत परिस्थितियों में भी मर्यादा, धैर्य और धर्म का पालन करने के कारण ही वे मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए।

अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, आयोजकों और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही उपस्थित जनसमूह के साथ 'जय श्रीराम', भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, प्रदीप सिंह राणा, राजेश नापित, आदर्श रामलीला धर्म मंडल के अध्यक्ष बद्रीनारायण पाण्डेय, प्रबंधक राधेश्याम उपाध्याय, कोषाध्यक्ष संगम पाण्डेय, संचालक पवन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top