Jaunpur News : डीएम ने धान क्रय केंद्रों और खाद वितरण समिति का किया औचक निरीक्षण

Hindi News

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने शुक्रवार को नवीन मंडी (करंजाकला एट धर्मापुर मंडी) और विकास खंड करंजाकला के कोठवार स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति के राजकीय धान क्रय केंद्र एवं खाद वितरण समिति का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की प्रगति, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं तथा खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।

नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच की। रजिस्टर में दर्ज किसानों के मोबाइल नंबर पर फोन कर धान बिक्री की स्थिति की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि धान में नमी अधिक होने के कारण वे अगले 10 से 15 दिनों में बिक्री के लिए केंद्र पर धान लेकर आएंगे। मंडी परिसर में साफ-सफाई की कमी मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कोठवार स्थित सहकारी समिति का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने टोकन रजिस्टर में दर्ज किसान राजदेव प्रजापति निवासी किशुनपुर से फोन पर बातचीत कर धान बिक्री की जानकारी ली। साथ ही उर्वरक वितरण पंजिका और गोदाम में उपलब्ध खाद के स्टॉक की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि समिति को पहले प्राप्त डीएपी खाद का वितरण किया जा चुका है और वर्तमान में एनपीएस उर्वरक उपलब्ध है। किसानों की मांग को देखते हुए जल्द ही खाद की नई रैक उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।

जिलाधिकारी ने समिति सचिव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की निर्धारित नीति के अनुसार पारदर्शी तरीके से धान खरीद की जाए। किसानों को क्रय केंद्रों पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही सहकारी समितियों पर खाद की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और निर्धारित मूल्य पर ही वितरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को जिले के सभी धान क्रय केंद्रों और समितियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।


#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top