Jaunpur News : पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियों की हुई समीक्षा

Hindi News

परीक्षा नियंत्रक ने समर्थ टीम के साथ की बैठक, परीक्षा केंद्र आवंटन एवं प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के दिए निर्देश
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आगामी विषम सेमेस्टर परीक्षाओं को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार को परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने समर्थ टीम के साथ बैठक कर परीक्षा संबंधी तैयारियों एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान परीक्षा नियंत्रक ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित परीक्षा संबंधी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा आवेदन पत्रों के निस्तारण, परीक्षा केंद्रों के आवंटन, प्रवेश पत्र जारी करने तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित सदस्यों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि आगामी विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 20 नवंबर 2026 से प्रारंभ होनी हैं। ऐसे में परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों को समय रहते पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से परीक्षा केंद्र आवंटन एवं विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
परीक्षा नियंत्रक ने समर्थ टीम को निर्देशित किया कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए प्रगति से अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में परीक्षाओं का संचालन व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए प्रत्येक स्तर पर आवश्यक समन्वय बनाए रखा जाए।
इस अवसर पर समर्थ टीम के सदस्य डॉ. सत्यम कुमार उपाध्याय, अशोक कुमार यादव, दिलीप कुमार यादव, डॉ. अखिलेश कुमार विश्वकर्मा, डॉ. रामांशु पी. सिंह, डॉ. विशाल, डॉ. नितिन, शीलनिधि सिंह एवं सूर्य प्रकाश पाल उपस्थित रहे।


#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top