खुटहन (जौनपुर) 10 अक्टूबर मुंबई में शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के खिलाफ मुकदमा दायर करने वाले पत्रकार एवं अखंड राष्ट्र अखबार के संपादक मंगलेश्वर त्रिपाठी उर्फ मुन्ना के निधन पर सोमवार को टीकेयू पब्लिक स्कूल में पत्रकारों ने शोकसभा कर श्रद्धांजलि दी। दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
सरपतहा क्षेत्र के अढ़नपुर निवासी मुन्ना त्रिपाठी का गत शनिवार रात 49 वर्ष की उम्र में हृदय गति रुकने से निधन हुआ। उत्तर भारतीय समाज के अपमान के विरोध में उन्होंने ठाकरे के खिलाफ मुंबई न्यायालय में मुकदमा दायर किया था। वह हिंदू महासभा के टिकट पर जौनपुर लोकसभा से प्रत्याशी भी रह चुके थे।
शोकसभा में संतलाल सोनी, श्रवण उपाध्याय, राजकुमार यादव, प्रमोद पाण्डेय, संगम पाण्डेय, शिवशंकर दूबे, बृजेश उपाध्याय, संजीव सिंह, जियालाल सोनी, रिंकू उपाध्याय और मुलायम सोनी आदि मौजूद रहे।
