विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल और मनोरंजक खेलों ने बढ़ाई मेले की रौनक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने बांधा समां
जौनपुर। सिद्दीकपुर स्थित एसएस पब्लिक स्कूल में पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक विश्वतोष नारायण सिंह, डॉ. नम्रता सिंह, शिक्षा निदेशक आलोक यादव एवं प्रधानाचार्या सीमा सिंह ने फीता काटकर किया। इसके बाद बाबू जी एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
बाल मेले में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मेले में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे। इनमें वड़ा पाव, स्वीट कॉर्न, इडली-सांभर, क्रीम रोल, मोमोज, गुलाब जामुन, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक्स सहित कई तरह के व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं मनोरंजन के लिए रिंग गेम, बर्निंग कैंडल, स्ट्रोकिंग, सब खेलो-सब जीतो, हाउजी गेम और हिटिंग बॉल द ग्लास जैसे रोचक खेलों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही म्यूजिक ऑन डिमांड ने भी बच्चों का खूब मनोरंजन किया। खेलों में जीत हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर निदेशक विश्वतोष नारायण सिंह ने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजनों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उनमें उत्साह, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का विकास होता है। वहीं प्रधानाचार्या सीमा सिंह ने मेले में शामिल सभी बाल समूहों, अतिथियों एवं विद्यालय परिसर में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


