Jaunpur News : सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों ने ली एकता की शपथ

Hindi News

जौनपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट सभागार में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने और आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने का संकल्प लिया।


इसके बाद आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी सोच और नेतृत्व क्षमता से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न जातियों, धर्मों, भाषाओं और समुदायों वाला देश है। यहां की विविधता ही हमारी ताकत और पहचान है। राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयास से ही किसी संस्था और संगठन को सफलता मिलती है। सभी को सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाकर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।

गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट और शासकीय अधिवक्ता रविन्द्र नाथ ने भी सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपजिलाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा और मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट ने विकास भवन स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top