प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी
जौनपुर। प्रधानमंत्री-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त गुजरात के बनासकांठा से जारी किए जाने के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “पी० एम० किसान उत्सव दिवस“ का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) नरेंद्र बहादुर सिंह की उपस्थिति में गुजरात से प्रसारित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने सुना।
मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के 6 लाख 86 हजार 146 किसानों के खातों में शुक्रवार को दो-दो हजार रुपये के हिसाब से कुल 1 अरब 23 करोड़ रुपये की धनराशि अंतरित की गई। इस योजना के तहत अब तक जिले के कुल 9,55,807 लाभार्थियों को 3,142.06 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हो चुकी है। खातों में पैसे पहुँचने का मैसेज मिलते ही अन्नदाताओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा किसानों को निःशुल्क मसूर की मिनीकिट बीज भी वितरित किए गए। कलेक्ट्रेट के अलावा कृषि विज्ञान केंद्र और जनपद के सभी विकास खंडों में भी लाइव प्रसारण दिखाया गया।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह, आत्मा प्रभारी डॉ. रमेश चंद्र यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी संदीप कुमार व कमलजीत सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुरेंद्र प्रताप सोनकर समेत सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
