जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ गांव में जमीन बंटवारे के विवाद में हुई मोहम्मद अकरम शाह की हत्या के मामले में रविवार सुबह AIMIM के जिलाध्यक्ष इमरान बंटी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गौरतलब है कि 20 अक्टूबर को रानीमऊ गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान अकरम शाह की पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने उनकी बातें सुनीं और घटना से जुड़े हालात की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए अपनी सहानुभूति जताई। इस दौरान परिजनों ने अपनी पीड़ा और परेशानियों को उनके सामने रखा।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कलाम अंसारी, ब्लॉक अध्यक्ष अबुसाद, कैस, शहंशाह और अमीरुद्दीन समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
