जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के मनियारेपुर गांव के पास आजमगढ़ की ओर से आ रही एक अनुबंधित रोडवेज बस और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार खलीया खास निवासी उमा भारती (50) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मनियारेपुर गांव के पास सड़क पार करते समय यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल महिला को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर चंदवक थाने के हल्का प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
