जौनपुर। शहर के कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब दो बजे शाही पुल से एक युवक ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान सहाबुद्दीनपुर पुराना पावर हाउस निवासी मो. उमैर पुत्र मो. शमशाद के रूप में हुई है। पुलिस नदी में युवक के शव की तलाश कर रही है।
परिजनों के अनुसार, उमैर किसी बात को लेकर घर से नाराज था। मो. नसीम ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे उनके पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा, “हमें माफ कर देना, हम पुल पर हैं।” दोबारा फोन करने पर दूसरे व्यक्ति ने बताया कि उमैर ने उसके मोबाइल से कॉल किया था।
इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जेसीज चौराहा और सद्भावना पुल होते हुए शाही पुल पहुंचे। वहां उमैर एक अर्टिगा गाड़ी के पीछे छिपा मिला। मो. नसीम ने उसे नदी में कूदने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान फोन बजने पर उमैर ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
