जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के मछलीशहर-अरुआवा मार्ग पर बुधवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में राज्य स्तरीय खो-खो खिलाड़ी धरम सरोज (22) की मौत हो गई, जबकि उनके चचेरे भाई समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 11:30 बजे अरुआवा के पास हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लाजीपार गांव निवासी धरम अपने चचेरे भाई सूरज के साथ बाइक से रामलीला देखने मछलीशहर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने धरम को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धरम अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता लल्लू सरोज सूरत की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। बेटे की मौत से मां आशा देवी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धरम ने वर्ष 2015 में जिला स्तर पर खो-खो खेलना शुरू किया था। वर्ष 2018 में उनका चयन उत्तर प्रदेश की राज्य स्तरीय टीम में हुआ। उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का नाम रोशन किया था। उनका चयन 57वीं सीनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप-2025 के लिए भी हुआ था, जिसका आयोजन ओडिशा में 31 मार्च से 4 अप्रैल 2025 तक किया गया था।
कोच गुलाब चंद्र यादव के अनुसार, धरम के बेहतर प्रदर्शन से जौनपुर की टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चैंपियनशिप जीती थी। सिकरारा थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
