जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र के मछलीगांव नेवादा मुरीदपुर गांव में आयोजित भागवत रामलीला मंच पर भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बदलापुर कोतवाली के थानाध्यक्ष फूलचंद पाण्डेय भी मौजूद रहे। विधायक और थानाध्यक्ष ने राम-जानकी की आरती कर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि रामलीला सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, प्रेम और अखंडता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सद्भाव और आपसी संबंध मजबूत होते हैं। उन्होंने लोगों से सनातन धर्म और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ मिल-जुलकर रहने की अपील की। साथ ही आयोजन के लिए पूर्व प्रधान अशोक पाठक और अनुभव पाठक को बधाई दी।
वहीं, थानाध्यक्ष फूलचंद पाण्डेय ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि धार्मिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा या महिलाओं के साथ अभद्रता और परेशानी की शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से निर्भीक होकर धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला शनि, अनिल दूबे, पीसीएस अधिकारी अभिषेक दूबे, भाजपा नेता दिनेश शुक्ला और मंटू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अंत में आयोजक अशोक पाठक और रामलीला के कलाकारों ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
