जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के मानीकलां हाल्ट (52सी) पर करीब छह साल बाद ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से लोगों में आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, टिकट बिक्री की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल्ट पर बना टिकट काउंटर ईंटों से बंद कर दिया गया है। इसके चलते यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा है। दूसरे स्टेशनों से भी मानीकलां हाल्ट के लिए टिकट लेने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में ट्रेनों का ठहराव शुरू होने के बावजूद यात्री इसका पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
मानीकलां और आसपास के दर्जनों गांवों के लोग रेल यात्रा पर निर्भर हैं। टिकट की व्यवस्था नहीं होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। जीयालाल बिंद, अशोक ठेकेदार, भास्कर तिवारी, कमलेश साहू, लालता विश्वकर्मा, मुकेश कुमार और आदेश गोड समेत कई लोगों ने रेलवे प्रशासन से टिकट काउंटर जल्द शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी अपील की है।
