जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ में राष्ट्रीय राजमार्ग-735 पर कार की टक्कर से स्कूटी सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके दोनों घुटनों में चोट आई और हड्डियां टूट गईं। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र के रायपुर इमलो गांव निवासी नंदलाल यादव स्कूटी से सुल्तानपुर से जौनपुर जा रहे थे। वह गलत दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान वाराणसी से सुल्तानपुर की ओर जा रही कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क की दूसरी पटरी पर पहुंच गई।
सूचना पर पहुंची बक्शा पुलिस ने 108 एंबुलेंस से घायल वृद्ध को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने स्कूटी संख्या यूपी 62 बीएन 4807 और कार संख्या यूपी 70 डीए 9403 की चाबियां कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर एसआई वीरेंद्र कुमार, कांस्टेबल शिव प्रकाश और डायल 112 के सुरेंद्र चौहान मौजूद रहे।
