Jaunpur News : जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा नगर, भोर चार बजे हुआ राम-भरत मिलाप

Hindi News
मड़ियाहूं। स्थानीय नगर का ऐतिहासिक भारत मिलाप बुधवार की रात से गुरुवार की भोर तक हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे नगर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। आकर्षक सजावट और धार्मिक उत्साह के बीच भारत मिलाप देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे।
आयोजन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रालियों पर भगवान शंकर, माता पार्वती, हनुमान जी और मां भद्रकाली की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। झांकियों के दर्शन के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही। पूरा नगर भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया।
गुरुवार की भोर करीब चार बजे गोला बाजार में भगवान श्रीराम और भरत सहित चारों भाइयों का मिलन हुआ। इस भावुक दृश्य को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मकानों की छतों से महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर भाइयों के मिलन का स्वागत किया। जैसे ही चारों भाई एक-दूसरे के गले मिले, पूरा नगर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
इस दौरान श्रीरामलीला समिति के पदाधिकारी और नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ पूरे आयोजन के दौरान चक्रमण करते रहे। पुलिस की सतर्कता के बीच ऐतिहासिक भारत मिलाप सकुशल संपन्न हो गया।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top