जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र की कोताव ग्रामसभा की पटेल बस्ती को जाने वाली सड़क पिछले पांच साल से खराब है। सड़क की बदहाली के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कोताव गांव निवासी अजय पटेल, गुलाब पटेल, पप्पू पटेल, नन्हे पटेल और रमेश पटेल ने बताया कि उन्होंने कई बार नेताओं से मिलकर सड़क की समस्या उठाई। हर बार उन्हें आश्वासन मिला, लेकिन सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
पांच साल से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने या नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है।
