चौकियां धाम, जौनपुर। पूर्वांचल की आस्था का प्रमुख केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में सोमवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी पर मां सिद्धिदात्री के दर्शन-पूजन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मां शीतला मातारानी के नौवें स्वरूप का दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में हवन, नवकन्या पूजन और माता रानी के जयकारों के बीच शारदीय नवरात्र का समापन हुआ।
महानवमी पर भोर चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने माता रानी का भव्य श्रृंगार कर आरती-पूजन किया। इसके बाद दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लग गईं। श्रद्धालु बारी-बारी से माता रानी के दरबार में पहुंचकर मत्था टेकते और आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए। हवन-पूजन और जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। मां शीतला के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने सत्यनारायण मंदिर, काल भैरवनाथ मंदिर, काली मंदिर और हनुमान मंदिर में भी मत्था टेका। महानवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन के साथ नवकन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया और उपहार भेंट किए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री अपने भक्तों को अणिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, ईशित्व और वशित्व सहित आठ सिद्धियां प्रदान करती हैं। महानवमी पर मां को हलवा, चना, पूरी और तिल का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में पुलिस तथा पीएसी के जवान तैनात रहे। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों के लिए मंदिर से करीब 300 मीटर दूर पूर्वी मुख्य मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। वहीं वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर और जौनपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बड़ागर चौराहे के पास पश्चिमी मुख्य मार्ग पर पार्किंग निर्धारित की गई थी। चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में मुस्तैद रहे। देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने और दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा। हवन एवं नवकन्या पूजन के साथ शारदीय नवरात्र का विधिवत समापन हुआ।

