Jaunpur News : गाजीपुर में गंगा नदी से मिलीं गोमती में डूबीं दोनों बच्चियों की लाशें, पति पर प्रताड़ना का आरोप

Hindi News

जौनपुर। केराकत क्षेत्र के सिहौली घाट पर 13 अक्टूबर को गोमती नदी में डूबीं दो बच्चियों के शव रविवार देर शाम गाजीपुर में गंगा नदी से बरामद हुए। दोनों बच्चियों की पहचान साक्षी (9) और मीनाक्षी (8) के रूप में हुई। घटना के बाद से ही पुलिस और स्थानीय लोग उनकी तलाश में जुटे थे।


बच्चियों की मां लक्ष्मी देवी की बहन किरण देवी ने आरोप लगाया कि लक्ष्मी का पति सत्येंद्र यादव लंबे समय से उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। दोनों के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी वजह से लक्ष्मी पिछले छह महीने से अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके में रह रही थी। मायके पक्ष के अनुसार, बच्चियों की पढ़ाई और देखभाल की जिम्मेदारी भी परिवार उठा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि 13 अक्टूबर को सत्येंद्र ने फोन पर लक्ष्मी को धमकी दी थी। परिवार ने विवाद सुलझाने के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन बात नहीं बनी। परिजनों के मुताबिक, लक्ष्मी घटना वाले दिन दोनों बच्चियों को नहलाकर नए कपड़े पहनाने के बाद दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी।

बताया गया कि लक्ष्मी दोनों बच्चियों के साथ सिहौली घाट पहुंची और गोमती नदी में छलांग लगा दी। लक्ष्मी किसी तरह नदी से बाहर निकल आई, जबकि दोनों बच्चियां तेज बहाव में बह गईं। सूचना पर पुलिस ने लक्ष्मी से पूछताछ की थी। उसके बयानों में अंतर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। परिजनों ने प्रताड़ना और पहले हुई मारपीट से जुड़े दस्तावेज होने का दावा किया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top