जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावां गांव में जमीन पर रास्ता बनाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच शनिवार सुबह एक युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। परिजनों ने उसे जलता देख कपड़ों और बोरों की मदद से आग बुझाई और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, युवक करीब 40 प्रतिशत झुलस गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
युवक ने आत्मदाह का प्रयास करने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने पट्टीदारों और ग्राम प्रधान पर जमीन पर जबरन रास्ता बनवाने तथा परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विवाद को लेकर पुलिस से शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई।
परिजनों के अनुसार, जमीन को लेकर करीब चार वर्षों से विवाद चल रहा है। 14 अक्टूबर को इस संबंध में पंचायत भी हुई थी। युवक का आरोप है कि सहमति के बावजूद 15 अक्टूबर को उसकी जमीन पर रास्ते का निर्माण शुरू करा दिया गया।
लाइन बाजार थानाध्यक्ष विपिन राय ने बताया कि पुलिस को रास्ते के विवाद की जानकारी थी। शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया था। वहीं, एसपी सिटी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि युवक आग से करीब 40 प्रतिशत झुलसा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
