ऑनलाइन ठगी से बचाव, महिला अधिकारों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की दी जानकारी
आजमगढ़। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, नारी सशक्तीकरण तथा बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लालगंज क्षेत्र के दौना स्थित नूरजहां चिल्ड्रेन स्कूल में मिशन शक्ति एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल की टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, ऑनलाइन ठगी से बचाव और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी।
क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका को आत्मविश्वासी, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग होना चाहिए। छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी असहज स्थिति का सामना होने पर चुप रहने के बजाय अपनी बात सामने रखनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेनी चाहिए। उन्होंने साइबर स्टॉकिंग के बारे में बताते हुए कहा कि किसी को लगातार ऑनलाइन परेशान करना, अनचाहे संदेश भेजना या डिजिटल माध्यमों से दबाव बनाना गंभीर मामला है। ऐसी घटनाओं की जानकारी समय रहते पुलिस को देनी चाहिए।
प्रभारी साइबर सेल रवि प्रकाश गौतम ने छात्राओं को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, नौकरी और लोन के आकर्षक ऑफर तथा केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और www\.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।
मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने की सलाह
साइबर सेल के मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से साइबर सुरक्षा के तकनीकी पहलुओं को समझाया। उन्होंने बताया कि मोबाइल, ईमेल और सोशल मीडिया खातों को सुरक्षित रखने के लिए मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करना जरूरी है। प्रत्येक खाते के लिए अलग पासवर्ड बनाने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) सक्रिय करने और पासवर्ड मैनेजर जैसे सुरक्षा साधनों का उपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने सोशल मीडिया की गोपनीयता सेटिंग मजबूत रखने, फर्जी वेबसाइट और संदिग्ध लिंक की पहचान करने तथा अनजान क्यूआर कोड, एपीके फाइल और फर्जी ऑनलाइन नौकरी के प्रस्तावों से सावधान रहने को कहा। उन्होंने छात्राओं को मोबाइल में स्क्रीन लॉक लगाने, ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स को नियमित रूप से अपडेट करने, अनावश्यक ऐप अनुमतियों की समीक्षा करने तथा ऐप केवल विश्वसनीय स्रोतों से डाउनलोड करने की जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि डिजिटल माध्यमों पर छोटी-सी लापरवाही भी निजी जानकारी और ऑनलाइन खातों की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
समस्या होने पर पुलिस की मदद लेने की अपील
थानाध्यक्ष देवगांव सुनील कुमार सिंह ने छात्राओं को जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय परिस्थिति में घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने में संकोच न करें। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय तथा जागरूकता सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक हाजी इसराज अहमद, उपप्रबंधक मो. हाशिम, प्रधानाचार्य मो. कुर्बान सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ साइबर अपराधों से बचाव के लिए सक्षम बनाना और उन्हें सुरक्षित व जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
