Jaunpur News : सीआईएसएफ इंस्पेक्टर विपिन निगम का निधन, गांव में पसरा मातम; वाराणसी एयरपोर्ट पर दी गई सलामी

Hindi News

बरसठी (जौनपुर)। थाना बरसठी क्षेत्र के ग्राम घाटमपुर निवासी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के इंस्पेक्टर विपिन निगम (43) का 22 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित वेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह अहमदाबाद में तैनात थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 मई 2025 को जमालापुर के अटरियां के पास मोटरसाइकिल दुर्घटना में विपिन निगम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद से उनका उपचार चल रहा था। लंबे समय तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 22 अक्टूबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिवार ने अपना प्रिय सदस्य खो दिया, वहीं क्षेत्र के लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए पीछे

विपिन निगम अपने पीछे पत्नी सुमन निगम, 14 वर्षीय पुत्र विशू और पुत्री शानू को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में उनके निधन की खबर से शोक का माहौल बना हुआ है। परिजनों और शुभचिंतकों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीआईएसएफ वाराणसी एयरपोर्ट पर दी गई सलामी

शुक्रवार को उनकी पार्थिव देह अंतिम संस्कार के लिए काशी घाट की ओर रवाना हुई। इस दौरान सीआईएसएफ वाराणसी एयरपोर्ट के जवानों ने उन्हें सलामी देकर सम्मान व्यक्त किया। सीआईएसएफ के चार जवानों ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया। देश की सुरक्षा में अपनी सेवाएं देने वाले अधिकारी को विभागीय जवानों द्वारा दिया गया सम्मान उनके प्रति आदर और श्रद्धांजलि का प्रतीक रहा।

विपिन निगम के निधन से घाटमपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top