Jaunpur News : प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी दो बच्चों की मां, ढाई घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा

Hindi News

सिकरारा (जौनपुर)। करवाचौथ के दिन प्रेमी से शादी करने की जिद में दो बच्चों की मां मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची सिकरारा पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अंततः थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह के समझाने पर महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय आशा चौहान आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर विसयां गांव की निवासी है। उसकी शादी भदोही जिले के सुरियावां क्षेत्र के महजदा गांव निवासी मुन्ना चौहान से हुई थी। उसके चार वर्षीय बेटे शिवम और दो वर्षीय बेटी ज्योति हैं।


बताया जाता है कि आशा करीब छह महीने पहले पति को छोड़कर जौनपुर के डमरुआ गांव निवासी सचिन गिरी के साथ सूरत में रहने लगी थी। दोनों के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। नवरात्र के दौरान दोनों सूरत से अपने-अपने गांव लौट आए थे। सचिन अपने घर डमरुआ चला गया, जबकि आशा अपने मायके आजमगढ़ चली गई।

बताया जाता है कि 25 अक्टूबर को आशा प्रेमी से मिलने डमरुआ पहुंची, लेकिन सचिन घर पर नहीं मिला। आरोप है कि वह वहां से चला गया था। इसके बाद आशा ने सचिन से शादी करने की जिद पकड़ ली और गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

महिला को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह के प्रयास से महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top