जौनपुर। सरपतहां थाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को गुमशुदा लड़की को महज चार घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सरपतहां थाना क्षेत्र के करीमपुर बिंद गांव निवासी लाल साहब की पुत्री सुशीला के गुमशुदा होने की सूचना पर पुलिस टीम सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने तलाश शुरू की और चार घंटे के भीतर लड़की को सकुशल बरामद कर लिया।
इस कार्रवाई में मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक जंग बहादुर यादव, उपनिरीक्षक कमल किशोर राय, कांस्टेबल अमरजीत वर्मा, महिला कांस्टेबल शिवांगी सिंह, शालू राय और रीतू शामिल रहीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है।
