जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी सूरज निषाद को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे धनेजा पुल के पास से पकड़ा। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे बालिका घर के पास खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान धनेजा गांव निवासी सूरज निषाद उसे बहला-फुसलाकर नदी किनारे झाड़ियों में ले गया। बालिका की तलाश करते हुए परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां मौजूद मिला। परिजनों को देखकर वह फरार हो गया।
मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 17 अक्टूबर को जफराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 74, 76 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धनेजा पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कलम नयन दूबे, उपनिरीक्षक अमित यादव, हेड कांस्टेबल सुधीर दूबे और मनीष सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में बक्शा थाने में भी मामला दर्ज है।
