नवागत डीएम ने पत्रकारों से की बातचीत, बताया अपना विजन
जौनपुर। नवागत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने जनपद के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और प्रशासन की प्राथमिकताओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जौनपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि वह मूल रूप से प्रयागराज के निवासी हैं और विभिन्न जनपदों में कार्य करने का अनुभव रखते हैं। जौनपुर में पहली बार जिलाधिकारी के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने पत्रकारों से प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए तैयार प्रारूप मतदाता सूची में कुल 32,59,629 मतदाता हैं। इनमें 17,50,856 पुरुष, 15,08,651 महिलाएं और 122 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जनपद का जेंडर रेशियो 862 तथा ईपी रेशियो 61.33 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। जनपद में कुल 4,080 मतदेय स्थल और 2,156 मतदान केंद्र हैं।
डीएम ने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता फार्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए ऐप, पोर्टल अथवा बीएलओ के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। मृतक, डबल और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार के संशोधन के लिए फार्म-8 भरने की व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावे और आपत्तियों से संबंधित फार्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी की सूची प्रतिदिन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। साथ ही इसे डीईओ पोर्टल पर भी अपलोड किया जाएगा। नागरिक पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रकाशित मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। पात्र नागरिकों का नाम छूटने पर फार्म-6 के माध्यम से जुड़वाएं तथा विवरण में त्रुटि होने पर फार्म-8 से संशोधन कराएं। उन्होंने पत्रकारों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और युवाओं, महिलाओं सहित छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग की अपील की।
