16 दिसंबर तक दर्ज होंगी आपत्तियां
चार दिन विशेष अभियान, 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
जौनपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मंगलवार को जिले के सभी 4080 मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रकाशित सूची में कुल 32,59,629 मतदाता हैं। इनमें 17,50,856 पुरुष, 15,08,651 महिला और 122 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिले का जेंडर रेशियो 862 और ईपी रेशियो 61.33 प्रतिशत है। दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। जिले के 2156 मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा। आवेदन ऑनलाइन ईसीआईनेट एप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से या बीएलओ के पास जमा किए जा सकते हैं। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने और पुनरीक्षण में सहयोग करने की अपील की। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
