जौनपुर। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के मड़ैया भुभुवार गांव के पास 33 केवी बिजली लाइन से करीब 2500 मीटर तार चोरी होने का मामला सामने आया है। अवर अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 302(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 33/11 केवी उतराई उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उपकेंद्र को 132 केवी मड़ियाहूं से जोड़ने वाली 33 केवी लाइन 16 जुलाई से बंद थी। खेतों में पानी भरा होने के कारण लाइन की जांच और मरम्मत नहीं हो पा रही थी। 28 अक्टूबर को जांच के दौरान मड़ैया भुभुवार के पास तीन पोल के बीच तार कटा मिला। इसकी सूचना 30 अक्टूबर को थाने में दी गई थी। छह नवंबर को दोबारा जांच करने पर पांच पोल की तीनों फेस के तार गायब मिले। शिकायत के मुताबिक, कुल आठ पोल से लगभग 2500 मीटर एसीएसआर डॉग कंडक्टर तार चोरी हुआ है। मड़ियाहूं पुलिस ने मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Jaunpur News : 33 केवी लाइन से 2500 मीटर बिजली का तार चोरी
November 10, 2026
Share to other apps
