
जौनपुर। बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी गुरुवार को अपनी आगामी फिल्म ‘गन मास्टर जी 9’ के प्रमोशन के लिए जौनपुर पहुंचे। मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रशंसकों से मुलाकात की और 27 नवंबर को रिलीज होने जा रही फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील की। इस दौरान फिल्म अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख भी मौजूद रहीं।
आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट हैं। फिल्म में पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने भी पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है। अभिषेक सिंह के प्रयास से फिल्म की पूरी टीम जौनपुर पहुंची और यहां फिल्म का प्रचार किया। इस दौरान इमरान हाशमी ने कहा कि जौनपुर शिराज-ए-हिंद के नाम से पूरी दुनिया में जाना जाता है। यहां पहुंचकर उन्हें लोगों का जो प्यार मिला है, उसे वह कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने जल्द दोबारा जौनपुर आने की इच्छा भी जताई। वहीं, जेनेलिया देशमुख ने युवाओं से 27 नवंबर को सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार मुस्तैद रही।