Jaunpur News : पति की मौत का सदमा नहीं सह सकी पत्नी

Hindi News

विषाक्त पदार्थ पीकर दी जान देने की कोशिश



सुइथाकला, जौनपुर। अखण्डनगर थाना क्षेत्र के शेखौली गांव में चाकू से हुए जानलेवा हमले में पति की मौत से आहत पत्नी ने मंगलवार सुबह विषाक्त पदार्थ का सेवन कर जान देने की कोशिश किया। हालत बिगड़ने पर परिजन और पड़ोस के लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले गये जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टांडा स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने शेखौली गांव के समीप पुलिया पर बैठे बांधगांव निवासी दिलीप चौहान (30) और अनिल सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। इस हमले में दिलीप चौहान की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि अनिल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका उपचार अम्बेडकरनगर में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि पति की अचानक हुई मौत से उसकी पत्नी अनिता गहरे सदमे में थी। मंगलवार सुबह उसने घर पर हार्पिक का सेवन कर लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दिलीप चौहान अपने 3 भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो छोटे भाई हैं जिनमें विकास दूसरे नंबर पर और विशाल सबसे छोटे हैं। दिलीप अपने पीछे पत्नी अनिता और महज दो साल की मासूम बेटी गौरी को छोड़ गए हैं।
जिस उम्र में गौरी को पिता का स्नेह और दुलार मिलना चाहिए था, उसी उम्र में उसके सिर से पिता का साया उठ गया। पति की मौत के बाद पत्नी की इस हालत ने परिवार के दुख को और बढ़ा दिया है।एक ओर दिलीप की हत्या से परिवार पहले ही गहरे सदमे में था, वहीं अनिता की इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। दो वर्षीय मासूम गौरी के भविष्य और परिवार पर टूटे दुखों के पहाड़ को लेकर हर कोई गमगीन है।





#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top