Jaunpur News : दीपावली की रौनक से जगमगाया जौनपुर, उमड़ी खरीदारों की भीड़, दिनभर लगा रहा जाम

Hindi News


जौनपुर। दीपावली के त्योहार को लेकर शनिवार को जौनपुर शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घरों से लेकर दुकानों और प्रतिष्ठानों तक सजावट का काम चलता रहा। रंग-बिरंगी झालरों, आकर्षक लाइटों और फूलों से सजे भवनों ने शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। वहीं, बाजारों में बढ़ी भीड़ के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। दीपावली की खरीदारी को लेकर ओलंदगंज, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा और मोहल्ला नखास के बाजारों में काफी चहल-पहल रही। लोग पूजन सामग्री, मिठाई, फल, फूल, मिट्टी के दीपक, मोमबत्ती, सजावटी सामान और घरों को रोशन करने के लिए रंग-बिरंगी झालरें खरीदते नजर आए। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था। कपड़ों, बर्तनों, इलेक्ट्रॉनिक सामान और उपहारों की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ देखने को मिली।
शहर के प्रमुख भवनों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से शहर का नजारा बदल गया। घरों की छतों, बालकनियों और मुख्य द्वारों पर की गई सजावट लोगों का ध्यान आकर्षित करती रही। बाजारों में त्योहार की रौनक देर शाम तक बनी रही।
उधर, खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के घरों से निकलने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। शाही पुल, सद्भावना पुल, ओलंदगंज, चहारसू चौराहा और बदलापुर पड़ाव पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कोतवाली चौराहे और नखास की ओर जाने वाले रास्तों पर भी जाम के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बढ़ती संख्या से कई स्थानों पर आवागमन धीमा हो गया। त्योहार की खुशियों के बीच बाजारों की रौनक और जगमगाती सजावट ने शहर को दीपावली के रंग में रंग दिया। देर शाम तक लोग परिवार के साथ खरीदारी करते और त्योहार की तैयारियों में जुटे नजर आए।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top