जौनपुर। बक्शा पुलिस ने ड्राई डे के दिन अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 23,970 रुपये नकद, देशी और अंग्रेजी शराब समेत बीयर की बोतलें बरामद की गईं। वहीं, एक अन्य आरोपी शराब की पेटी लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, बन्धवारेबीर से मई मार्ग पर एक दुकान की छत से अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मकान मालिक मनीष यादव और सेल्समैन गुलाबचन्द्र मौर्या को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान संजय यादव शराब की पेटी लेकर भाग निकला।
पुलिस ने मौके से 30 टेट्रा पैक देशी मिर्च मसाला, आफ्टर डार्क ब्लू की 10 बोतल, इम्पीरियल ब्लू की 15 बोतल, आइकॉनिक व्हाइट की 18 बोतल, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग की दो बोतल और टुबॉर्ग प्रीमियम बीयर की छह बोतल बरामद कीं। आरोपियों ने बंदी के दिन शराब बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/64 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में कांस्टेबल हिमांशु सिंह और अम्बिकेश दीक्षित शामिल रहे। फरार संजय यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
