Jaunpur News : जमीन विवाद में अकरम शाह की मौत, मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ी

Hindi News

जौनपुर। खेतासराय क्षेत्र के रानीमऊ गांव में जमीन के बंटवारे के विवाद में अकरम शाह की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि और विवेचना के आधार पर 21 अक्टूबर की रात भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) जोड़ी गई। इससे पहले हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने रानीमऊ-निजमापुर मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया था।

बताया गया कि अकरम शाह और उनके भाई वहाजुद्दीन के परिवार के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में मंगलवार को अकरम की पिटाई हुई थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने गैर इरादतन हत्या की धारा लगाए जाने पर नाराजगी जताई और शव दफनाने से इन्कार कर दिया। पत्नी नरगिस समेत परिवार के लोगों के समर्थन में ग्रामीण भी सड़क पर उतर आए।

प्रदर्शनकारी आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने, उनके घर पर बुलडोजर चलाने और शाहगंज विधायक रमेश सिंह को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर खेतासराय, खुटहन और शाहगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात सीओ शाहगंज प्रीति वर्मा ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।

पुलिस ने मुकदमा संख्या 244/2026 में पहले बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 105 और 3(5) के तहत कार्रवाई की थी। बाद में हत्या की धारा 103(1) बढ़ाई गई। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद परिजन शव दफनाने के लिए तैयार हुए। रात करीब एक बजे अकरम को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुलिस के अनुसार, पांच नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।



#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top