जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के बेलवार में शनिवार को रामलीला का शुभारंभ हुआ। थानाध्यक्ष अमित पाण्डेय और विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष दिनेश मिश्र 'मुन्ना' ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद अतिथियों ने भगवान श्रीराम के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर आरती की और क्षेत्र की सुख-शांति व खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देती है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन हरिओम पाण्डेय ने किया। उद्घाटन समारोह में सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे। जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। आयोजकों ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और रामलीला समिति के सदस्य मौजूद रहे।
